Tuesday, November 24, 2026

आंचल में बंधी मां की आशीष

 

मायके से पहली बार ससुराल आ रही थी। मां ने मेरे आंचल में लाल धान, दूब, हल्दी की गांठें, सुपारी, सिंदूर और कुछ पैसे रखे थे। इसे हमारे इलाके में ‘खोईछा’ कहते हैं। तब शायद मैं यह नहीं समझती थी कि मां ने मेरे आंचल में कुछ चीजें नहीं, बल्कि अपना आशीष रखा है। बेटी के नए जीवन के लिए मंगलकामना रखी है। खोईछा सिर्फ हमारे इलाके की परंपरा नहीं है। बिहार और झारखंड के साथ देश के कई हिस्सों में इसे अलग-अलग रूपों में देने की परंपरा रही है। कहीं पैसे की जगह सोने-चांदी के सिक्के दिए जाते हैं, कहीं चांदी की मछली या सोने के जीरे। चीजें बदल जाती हैं, लेकिन भावना वही रहती है—बेटी का जीवन सुखी रहे, उसका घर भरा-पूरा रहे।

ससुराल आने के बाद खोईछे की सारी सामग्री ननद की हो जाती है। इसके बाद जब भी मायके जाती हूं, लौटते समय मां मेरे आंचल में सिंदूर, कुछ पैसे और थोड़ा-सा चावल रखना नहीं भूलतीं। जैसे हर बार बेटी को विदा करते हुए मां फिर से उसके जीवन के लिए वही प्रार्थना दोहरा रही हों। कई इलाकों में धान की जगह चावल दिया जाता है। हमारे यहां बेटी जब पहली बार ससुराल जाती है तो उसे लाल धान दिया जाता है। वहीं बहू जब मायके जाती है तो उसके आंचल में अरवा चावल रखा जाता है, जिसे हल्दी या पीले रंग से रंगा जाता है। शायद रंग भी यहां केवल रंग नहीं है। उसमें शुभता है, समृद्धि है और घर के बने रहने की एक छोटी-सी उम्मीद है।
मेरी मां जब अपने मायके जाती थीं, तब नानी भी उनके आंचल में कुछ रुपये और सिंदूर की एक पुड़िया जरूर रखती थीं। तब हमें लगता था—यह क्या है! देना ही है तो कुछ अच्छा दिया करो नानी। बचपन में हम चीजों की कीमत देखते हैं, उनका अर्थ नहीं। हमें लगता था कि कुछ रुपये या सिंदूर की छोटी-सी पुड़िया भला क्या होती है। लेकिन जब मां ने पहली बार मेरे आंचल में खोईछा रखा, तब नानी याद आईं। वही सिंदूर, वही चावल, वही कुछ पैसे। उस दिन समझ में आया कि नानी की वह छोटी-सी पुड़िया कोई छोटी चीज नहीं थी। उसमें एक स्त्री का विश्वास था। मां ने जब मेरे आंचल में खोईछा भरा तो लगा, आंचल में सामान कम और मां की पूरी जिंदगी ज्यादा आ गई है। मैं रो पड़ी थी। खोईछे के साथ मां बेटी के लिए कितनी मंगलकामनाएं करती है, इसका अंदाजा शायद तभी होता है, जब हम खुद मां बनकर अपनी बेटी को विदा करते समय उसके आंचल में खोईछा भरते हैं। तब समझ में आता है कि मां बेटी को केवल विदा नहीं करती। वह उसके साथ अपना विश्वास, अपनी चिंता, अपनी दुआ और अपने जीवन का अनुभव भी भेजती है।
एक छोटा-सा खोईछा कितने आशीषों के साथ दिया जाता है। यह परंपरा कितनी पुरानी है, ठीक-ठीक कहना कठिन है। लेकिन लोक की यही तो खूबी है। वह हर बात का लिखित इतिहास नहीं रखता। कुछ चीजें बस मां के हाथों से बेटी के आंचल में चली जाती हैं और फिर अगली पीढ़ी तक पहुंच जाती हैं। समय बदल गया है। आज महिलाएं हर समय साड़ी या सलवार-कमीज नहीं पहनतीं। पहनावे बदल गए हैं, घर बदल गए हैं, जीवन की गति बदल गई है। फिर भी खोईछा ने अपना अस्तित्व बनाए रखा है। उसका रूप जरूर बदल गया है। पहले साड़ी या दुपट्टे के पल्लू में खोईछा दिया जाता था। अब वह एक सुंदर-सी पोटली में मिलने लगा है। लेकिन पोटली बदलने से मां का हाथ तो नहीं बदलता। उसमें रखी आशीष भी नहीं बदलती। चीजें नई हो सकती हैं, दुआ पुरानी ही रहती है।
खोईछा में रखी जाने वाली हर चीज यूं ही नहीं रखी जाती। लोक में इन सबका अपना अर्थ है। धान या चावल बेटी के नए जीवन में धन-धान्य और समृद्धि की कामना का प्रतीक है। हल्दी की पांच गांठें सकारात्मक ऊर्जा और रिश्तों की मजबूती का संकेत मानी जाती हैं। हरी दूब जीवन और निरंतरता की प्रतीक है। वह कहीं भी, किसी भी परिस्थिति में पनप जाती है। शायद इसलिए बेटी के लिए भी यही कामना की जाती है कि परिस्थितियां कैसी भी हों, उसका घर पनपता रहे, बढ़ता रहे।
सुपारी वंशवृद्धि की कामना से दी जाती है। पैसे और सोने-चांदी को मां लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है। यानी खोईछे की हर चीज के पीछे कोई न कोई कामना है। बेटी के जीवन में अन्न रहे, धन रहे, रिश्ते मजबूत रहें और उसका घर हरा-भरा रहे। खोईछा देने की भी एक विधि होती है। इसे पूजा घर में पूर्व या पश्चिम की ओर मुंह करके, बांस के सूप या डलिया से दिया जाता है। विधि बदल सकती है, जगह बदल सकती है, लेकिन उस समय मां के मन में जो होता है, वह शायद हर जगह एक ही होता है—मेरी बेटी सुखी रहे। हमारे समाज में जब माता दुर्गा भी दशमी के दिन विदा होने लगती हैं, तब विसर्जन से पहले उनका खोईछा भराया जाता है। यह संयोग भर नहीं लगता। बेटी और देवी के बीच हमारे लोक ने हमेशा एक आत्मीय रिश्ता देखा है।
हमारे समाज में बेटी को घर की लक्ष्मी माना जाता है। कई तीज-त्योहारों पर उसका सम्मान किया जाता है। जब वह अपने घर से विदा होने लगती है, तो मां उसका आंचल धन-धान्य से भरती है। जैसे वह बेटी को नहीं, लक्ष्मी और अन्नपूर्णा को विदा कर रही हो। शायद इसीलिए खोईछा केवल एक रस्म नहीं है। यह मां के हाथों से बेटी तक पहुंचती हुई वह छोटी-सी पोटली है, जिसमें धान से ज्यादा उम्मीद, सिंदूर से ज्यादा विश्वास और कुछ पैसों से कहीं ज्यादा आशीष होती है। पोटली छोटी होती है, लेकिन उसमें एक मां का पूरा संसार बंधा होता है।
-प्रीतिमा वत्स

आंचल में बंधी मां की आशीष

  मायके से पहली बार ससुराल आ रही थी। मां ने मेरे आंचल में लाल धान, दूब, हल्दी की गांठें, सुपारी, सिंदूर और कुछ पैसे रखे थे। इसे हमारे इलाके ...